तालेबान ने किया काबुल बम धमाके में अपने हस्तक्षेप का खण्डन
तालेबान ने काबुल बम धमाके में अपने किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप का खण्डन किया है।
तालेबान के प्रवक्ता ने कहा है कि काबुल के आतंकवादी हमले में हमारा हाथ नहीं है। ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को इस हमले में तालेबान की भूमिका को रद्द करते हुए कहा है कि तालेबान, आम लोगों पर हमलों की निंदा करता है। दूसरी ओर अफ़ग़ानिस्तान की समाचार एजेन्सी शफक़ना ने एलान किया है कि काबुल धमाके में तालेबान के एक नेता "मुल्ला अब्दुस्सलाम ज़ईफ़" मारे गए। हालांकि हमारी पशतू सेवा ने "मुल्ला अब्दुस्सलाम ज़ईफ़" के एक निकटतम सूत्र के हवाले से बताया है कि वे अभी जीवित हैं।
ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में धर्मगुरुओं की सभा पर कल होने वाले आत्मघाती हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए थे। इस धमाके में 80 से अधिक लोगों के घायल होने की भी सूचना है। अफ़ग़ानिस्तान के बहुत से धर्मगुरु काबुल के हवाई अड्डे के निकट स्थित एक हाल में मंगलवार को पैग़म्बरे इस्लाम (स) का जन्म दिन मनाने के लिए एकत्रित हुए थे। यह हमला काबुल में हालिया महीनों का सबसे बड़ा हमला था।