जेसीपीओए को सुरक्षित रखा जाएः पुतीन
विलादिमीर पुतीन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि परमाणु समझौते को सुरक्षित रखा जाए।
रूसी राष्ट्रपति ने जेसीपीओए या परमाणु समझौते के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा है कि परमाणु समझौते को सुरक्षित रखा जाए।
पुतीन ने शुक्रवार की रात अर्जनटाइना की राजधानी में स्पष्ट किया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय समझौते को सुरक्षित रखने के लिए हर प्रकार की आवश्यक कार्यवाही की जाए। रूस के राष्ट्रपति इससे पहले भी कई बार परमाणु समझौते को सुरक्षित रखने की बात कह चुके हैं।
दूसरी ओर परमाणु समझौते को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ईरान तथा यूरोपीय संघ पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान वार्ताएं कर चुके हैं। इन वार्ताओं के दौरान यूरोप ने वादा किया है कि ईरान पर लगे अमरीकी प्रतिबंधों का मुक़ाबला करने के उद्देश्य से वह ईरान को एक पैकेज देने वाला है।
उल्लेखनीय है कि अमरीका के एकपक्षीय रूप में जेसीपीओए से निकल जाने के बाद जहां व्यापक स्तर पर उसकी निंदा की जा रही है वहीं पर ब्रिटेन, फ़्रांस, रूस, चीन, जर्मनी और यूरोपीय संघ ने एलान किया है कि वे सब परमाणु समझौते के प्रति कटिबद्ध हैं और उसका समर्थन करते रहेंगे।