उत्तरी तथा दक्षिणी कोरिया के बीच आरंभ होगी ट्रेन सेवा
उत्तरी तथा दक्षिणी कोरिया के बीच फिर से रेल सेवा आरंभ होने जा रही है।
कई दशकों तक कट्टर दुश्मन रहे उत्तरी और दक्षिणी कोरिया अब संबंधों को मधुर बनाने में लगे हैं।
इसी कड़ी के अन्तर्गत शुक्रवार को दक्षिण कोरिया के दोरसान रेलवे स्टेशन से कई इंजीनियरों सहित 28 सदस्यीय दल को लेकर एक ट्रेन उत्तर कोरिया के पनमुन स्टेशन पहुंची।दक्षिण कोरिया का यह दल अपने उत्तर कोरियाई समकक्षों के साथ मिलकर दोनों देशों के बीच रेल संपर्क फिर से बहाल करने के लिए सर्वे करेगा।
दक्षिण कोरिया की परिवहन मंत्री किम ह्यून-मी ने कहा है कि उत्तर और दक्षिण कोरिया को रेल के माध्यम से जोड़ना दोनों देशों की समृद्धि की ओर संकेत करता है। उन्होंने कहा कि इससे दक्षिण कोरिया की यूरेशिया तक पहुंच हो जाएगी। सन 1948 में कोरियाई प्रायद्वीप के उत्तर और दक्षिण कोरिया में बंट जाने के बाद दक्षिण कोरिया का यूरेशिया से जमीनी संपर्क कई दशकों तक कटा रहा। ज्ञात रहे कि वर्ष 2007 के बाद यह पहला मौका है जब दक्षिण कोरिया की कोई ट्रेन उत्तर कोरिया पहुंची।
उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन के बीच इस साल हुई बैठक में इस विषय पर सहमति बनी थी।