वार्ता में गतिरोध के लिए अमेरिका ज़िम्मेदार हैः उत्तरी कोरिया
अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच वार्ता एक बार फिर गतिरोध का शिकार हो गई है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार उत्तरी कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने अमेरिका पर शत्रुतापूर्ण व्यवहार करने और परमाणू वार्ता में गतिरोध उत्पन्न करने का आरोप लगाया है। समाचार एजेंसी के मुताबिक़ अमेरिका लगातार अपने वादों से मुकर रहा है और उत्तरी कोरिया को धमकाने और डराने का प्रयास कर रहा है। उत्तरी कोरिया ने अमेरिकी धमकियों का जवाब देते हुए कहा है कि वॉशिंग्टन, प्योंगयांग पर एकपक्षीय प्रतिबंधों के माध्यम से कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त नहीं कर पाएगा।
उत्तरी कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने लिखा है कि उत्तरी कोरिया ने अमेरिका के साथ वार्ता को सफलतापूर्वक बनाने के लिए अथक प्रयास किए हैं लेकिन वॉशिंग्टन ने अब तक कोई ऐसा काम अंजाम नहीं दिया है जिससे वार्ता सफल हो सके।
ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग ऊन के मध्य 12 जून 2018 को सिंगापूर में भेंटवार्ता हुई थी और इस भेंट को एक एतिहासिक घटना के रूप में याद किया गया था। इस भेंट के बाद ट्रम्प ने किम जोंग ऊन के साथ भेंट को रचनात्मक बताया था। लेकिन केवल 10 दिनों के बाद ही ट्रम्प ने उत्तरी कोरिया पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया था। (RZ)