अफ़ग़ानिस्तान में सोने की खान धंसी, 40 मज़दूरों की मौत
(last modified Mon, 07 Jan 2019 09:43:03 GMT )
Jan ०७, २०१९ १५:१३ Asia/Kolkata
  • अफ़ग़ानिस्तान में सोने की खान धंसी, 40 मज़दूरों की मौत

अफ़ग़ानिस्तान में सोने की खदान के धंस जाने से 40 मज़दूरों की मौत हो गई है, जबकि 15  अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ रविवार को अफ़ग़ानिस्तान के “बदख़ेशां” प्रांत में मौजूद सोने के एक खदान के धंस जाने के कारण 40 लोग हताहत हो गए हैं जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि बदख़ेशां प्रांत के उत्तर-पूर्व में स्थित कोहिस्तान ज़िले में एक सोने की खान के धंस जाने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए हैं।

अफ़ग़ान मीडिया की रिपोर्ट अनुसार बदख़ेशां प्रांत कोहिस्तान ज़िले के स्थानीय ग्रामीणों ने सोना निकालने के लिए रिवर बेड पर 60 मीटर गहरा शाफ्ट खोदा था। जब शाफ्ट की दीवार धंसकर उनपर गिरी तो वे अंदर मौजूद थे। बदख़ेशां प्रांत के गवर्नर नेक मोहम्मद नज़री ने बताया कि इस घटना में कई मज़दूर दब गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शाफ्ट क्यों ढही है। दूसरी ओर  प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता ने बताया कि ग्रामीण दशकों से इस काम में लगे हैं जिसपर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।

उल्लेखनीय है कि दुनियाभर में खदानों के धंसने की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं। इनमें से कुछ खदान ऐसी होती हैं जो अवैध तरीक़े से संचालित होती हैं। मौलिक नियमों की अनदेखी करते हुए ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से सोना और कोयले का खनन करते हैं और इन घटनाओं में निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। राहत कार्य में सबसे बड़ी समस्या उनकी मैपिंग की होती है क्योंकि उनके अवैध होने के कारण कोई मैप उपलब्ध नहीं होता है। (RZ)