तालेबान का बड़ा हमला, 21 सुरक्षाकर्मी हताहत
पश्चिमी और उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान के हमलों की नई लहर में 21 सुरक्षाकर्मी मारे गये।
अमरीकी समाचार एजेन्सी एपी के अनुसार पश्चिमी प्रांत बादग़ीस के गवर्नर के प्रवक्ता जमशेद शहाबी ने कहा है कि आतंकवादियों ने हमलों में सुरक्षा बलों की चेकपोस्टों को निशाना बनाया जिससे 6 पुलिसकर्मी मारे गये।
उत्तरी बग़लान प्रांत की काउंसिल के सदस्य शमसुल हक़ बारकज़ई का कहना था कि तालेबान के हमलों में वहां स्थानीय पुलिस के 7 कर्मी मारे गये।
उधर उत्तरी प्रांत तख़ार की काउंसिल के सदस्य रूहुल्लाह रूफ़ी ने कहा है कि प्रांत में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गयी।
आतंकवादियों के इन हमलों में सुरक्षा बलों के 23 जवान घायल भी हुए हैं। तालेबान ने समस्त हमलों की ज़िम्मेदारी स्वीकार करने का दावा किया है।
ज्ञात रहे कि आतंकवादियों की ओर से अफ़ग़ान सुरक्षा बलों पर लगभग हर दिन हमले किए जा रहे हैं जिनके परिणाम में भारी संख्या में जानी नुक़सान हो रहा है। (AK)