अफ़ग़ानिस्तान में वॉलीबॉल मैच के दौरान धमाका, 24 हताहत और घायल
अफ़ग़ानिस्तान में मैच के दौरान हुए धमाके में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है और 20 अन्य घायल हो गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ अफ़ग़ानिस्तान के बग़लान प्रांत में एक वॉलीबॉल मैच के दौरान हुए धमाके में कम से कम 4 लोगों के मारे जाने की सूचना है जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं, घायलों में कई की हालत चिंताजनक बताई गई है। अफ़ग़ानिस्तान के एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया है कि शुक्रवार शाम जिस समय यह धमाका हुआ उस समय सैकड़ों लोग मैच देख रहे थे।
अफ़ग़ानिस्तान के उत्तरी प्रांत के सुरक्षा प्रमुख का कहना है कि इस घटना की जांच आरंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक रूस से ऐसा लगता है कि इस घटना को तालेबान के आतंकियों ने अंजाम दिया है, लेकिन अभी इस संबंध में हमारे पास कोई सबूत नहीं है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि मैच आरंभ होने से कुछ समय पहले तीन संदिग्ध वहां देखे गए थे, कुछ देर वे लोग इधर-उधर टहलते रहे लेकिन बाद में मैच शुरू होने से कुछ समय पहले ही वे वहां से चले गए थे।
उल्लेखनीय है कि हालिया कुछ महीनों से अफ़ग़ानिस्तान में एक बार फिर तालेबान सहित कई आतंकवादी गुटों ने अपनी आतंकी गतिविधियां तेज़ कर दी है। टीकाकारों का कहना है कि जब से अमेरिका ने तालेबान से वार्ता आरंभ की है तब से अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान के हमलों में वृद्धि देखने को मिल रही है और लगातार तालेबान अपने पैर पसार रहा है। (RZ)