पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार एक हिन्दू महिला बनी जज
सिंध राज्य के कंबर शहदादकोट ज़िले से संबंध रखने वाली हिन्दू महिला सुमन बोदानी को सिविल जज के पद पर नियुक्त किया गया है।
समाचार एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार एक हिन्दू महिला को सिविल जज के पद पर नियुक्त किया गया है। सुमन बोदानी ने इंटरमीडिएट तक शिक्षा कंबर शहदादकोट से प्राप्त करने के बाद पाकिस्तान के प्रसिद्ध हैदराबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी किया और फिर एक निजी शैक्षणिक संस्थान से एलएलएम में काफ़ी अच्छे नंबरों से सफलता प्राप्त की और गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने सिविल जज की नियुक्ति परीक्षा की मेरिट लिस्ट में 54वें स्थान पर आईं।
सुमन बोदानी पाकिस्तान की पहली महिला हिन्दू सिविल जज के रूप में न्यायिक एकेडमी कराची में प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी और तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद उनकी आधिकारिक तौर पर जज के पद पर तैनाती कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सुमन बोदानी के पिता पवन बोदानी आंखों के बेहतरीन डॉक्टर हैं और कंबर शहदादकोट में ही उनका अपना एक क्लिनिक है। डॉक्टर पवन बोदानी का कहना है कि पाकिस्तान में हिन्दू अल्पसंख्यकों के लिए न केवल शिक्षा के भरपूर अवसर उपलब्ध हैं बल्कि उच्च नौकरियों में भी अन्य पाकिस्तानियों की तरह उनकी भागीदारी है।
ज्ञात रहे कि पाकिस्तान में यह पहली बार नहीं है जब कोई हिन्दू समुदाय के किसी व्यक्ति को जज नियुक्त किया गया हो, हिन्दू समुदाय से इससे पहले जज जस्टिस राना भगवानदास थे जिन्होंने वर्ष 2005 से 2007 तक के लिए कार्यकारी चीफ़ जस्टिस के तौर पर भी सेवाएं दीं हैं। (RZ)