ट्रम्प किसी भी बात से सबक़ नही लेतेः ओलब्राइट
अमरीका की भूतपूर्व विदेशमंत्री ने कहा है कि वर्तमान राष्ट्रपति किसी भी बात से सबक़ नहीं लेते और उनके क्रियाकलाप बहुत ही कमज़ोर हैं।
भूतपूर्व अमरीकी विदेशमंत्री का यह बयान ईरान के बारे में अमरीकी इंटैलीजेन्स एजेंसियों की रिपोर्ट पर ट्रम्प की प्रतिक्रिया के बाद सामने आया है। मैडलिन आलब्राइट ने कहा कि यह एजेन्सियां तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के राष्ट्रपति का यह दायित्व बनता है कि वह विभिन्न दृष्टिकोणों को सुने और उनपर ध्यान दे न कि उनको अनेदखा करे।
अमरीका की भूतपूर्व विदेशमंत्री आलब्राइट ने कहा कि वर्तमान समय में संसार की स्थिति बहुत संवेदनशील है और अमरीका की परिस्थितियां भी बहुत ही जटिल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ट्रम्प के पास अधिकार तो बहुत अधिक हैं किंतु उनके क्रियाकलाप बहुत ही कमज़ोर हैं।
उल्लेखनीय है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने परमाणु समझौते पर ईरान के प्रतिबद्ध रहने संबंधी अमरीकी इंटैलीजेन्स एजेंसियों की रिपोर्ट का विरोध किया है। इसी बीच अमरीका की इंटेलिजेंस एजेन्सियों के महासचिव डेन कोट्स का कहना है कि हमारी जानकारी के अनुसार परमाणु समझौते के संदर्भ में ईरान अबतक प्रतिबद्ध रहा है।