भारत इस महीने कर सकता है पाकिस्तान पर हमलाः क़ुरैशी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i74197-भारत_इस_महीने_कर_सकता_है_पाकिस्तान_पर_हमलाः_क़ुरैशी
महमूद क़ुरैशी ने कहा है कि हमारे पास इस बात के पुष्ट प्रमाण है कि भारत इस महीने हमले की योजना बना रहा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ०८, २०१९ ०६:२९ Asia/Kolkata
  • भारत इस महीने कर सकता है पाकिस्तान पर हमलाः क़ुरैशी

महमूद क़ुरैशी ने कहा है कि हमारे पास इस बात के पुष्ट प्रमाण है कि भारत इस महीने हमले की योजना बना रहा है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा है कि देश के पास इस बात की विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत 16 से 20 अप्रैल के बीच हमले की योजना बना रहा है।  अपने गृह नगर मुल्तान में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के विदेशमंत्री क़ुरैशी ने कहा कि सरकार के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत हमले की एक नई योजना बना रहा है।  उन्होंने आरोप लगाया कि एक नए हमले का तानाबाना रचा जा सकता है और इसका उद्देश्य पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई को सही ठहराते हुए इस्लामाबाद के खिलाफ राजनयिक दबाव बढ़ाना है। पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा कि तैयारियां की जा रही हैं और पाकिस्तान के खिलाफ एक और हमले के आसार नज़र आ रहे हैं।  महमूद क़ुरैशी ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो आप स्वयं क्षेत्र की शांति और स्थिरता पर होने वाले प्रभाव के बारे में कल्पना कर सकते हैं।  उन्होंने कहा कि हमारी जानकारी के अनुसार 16 से 20 अप्रैल के बीच कार्रवाई हो सकती है।  विदेश मंत्री क़ुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को पहले ही जानकारी दे दी है और इस्लामाबाद की आशंकाओं से उन्हें अवगत करा दिया गया है।

ज्ञात रहे कि भारत नियंत्रित कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को आत्मघाती हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान मारे गए थे।