श्रीलंका में हुए आतंकी हमलों का ज़िम्मेदार कौन?
https://parstoday.ir/hi/news/world-i74590-श्रीलंका_में_हुए_आतंकी_हमलों_का_ज़िम्मेदार_कौन
श्रीलंका में सिलसिलेवार धमाकों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक़ मरने वालों की संख्या 187 से पार हो गई है, जबकि 500 से अधिक घायल हैं जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २१, २०१९ १६:२३ Asia/Kolkata
  • श्रीलंका में हुए आतंकी हमलों का ज़िम्मेदार कौन?

श्रीलंका में सिलसिलेवार धमाकों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक़ मरने वालों की संख्या 187 से पार हो गई है, जबकि 500 से अधिक घायल हैं जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, श्रीलंका में ईसाइयों के त्योहार ईस्टर के मौक़े पर हुए सिलसिलेवार आठ बम धमाकों ने इस पूरे देश को हिलाकर रख दिया और श्रीलंका के लोगों की ख़ुशी ग़म में बदल गई। ख़बरों के अनुसार श्रीलंका की राजधानी कोलंबो सहित क़रीब 8 अलग-अलग क्षेत्रों में सीरियल ब्लास्ट हुए हैं। बताया जा रहा है कि सबसे पहले 3 चर्च और 3 होटल के अंदर धमाके हुए हैं। इन धमाकों में अबतक 187 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 500 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं जिनमें कई की स्थिति बेहद गंभीर है।

इस बीच जहां इस भीषण आतंकी हमले की ईरान सहित पूरी दुनिया ने कड़े शब्दों में निंदा की है वहीं हमले के पीछे किसका हाथ है इसको लेकर मीडिया में बहस छिड़ गई है। जहां कुछ मीडिया श्रीलंका में हुए आतंकी हमले के पीछे किसी मुस्लिम गुट पर संदेह जता रहे हैं वहीं दुनिया की अधिकतर मीडिया और जानकारों का मानना है कि श्रीलंका में हुए आतंकवादी हमले के पीछे चरमपंथी बौद्धों का हाथ हो सकता है जिनके साथ कुछ कट्टरपंथी हिन्दू संगठन भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले भी कई बार चरमपंथी बौद्ध गुट श्रीलंका के मुस्लिम समुदाय एवं अन्य धर्मों के लोगों को निशाना बनाकर हमले करते रहे हैं।

दूसरी ओर 'गल्फ न्यूज़' ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि श्रीलंका के पुलिस प्रमुख ने 10 दिन पहले किसी बड़े हमले का इंटेलिजेंस इनपुट दिया था। इनपुट में कहा गया था कि आत्मघाती हमलावर देश के प्रमुख चर्चों को निशाना बना सकते हैं। गल्फ न्यूज़ ने एएफ़पी के हवाले से यह रिपोर्ट प्रकाशित की है। पुलिस प्रमुख पुजुथ जयसुंदर ने 11 अप्रैल को देश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इनपुट भेजा था जिसमें हमले के प्रति आगाह करने की बात कही गई थी।

इस बीच इस्लामी गणतंत्र ईरान सहित दुनिया के कई देशों ने इस आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने श्रीलंका में की जाने वाली आतंकवादी कार्यवाही की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए हमले के प्रभावितों के परिजनों और श्रीलंका सरकार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधाममंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है और कहा कि भारत इस दुख की घड़ी में श्रीलंका सरकार और इस देश की जनता के साथ एकजुट खड़ा है। (RZ)