चीन ने तेहरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों का फिर विरोध किया
चीन ने ईरान के विरुद्ध अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों का एक बार फिर विरोध किया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार चीन के विदेशमंत्रालय ने सोमवार को ईरान से तेल आयात करने पर अमरीकी छूट को समाप्त करने के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बीजिंग, ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों का विरोधी रहा है।
वाशिंग्टन, ईरान से तेल आयात पर कुछ देशों को दिया जाने वाला अपवाद समाप्त करने वाला है जिसके आधार पर उसने घोषणा की है कि ईरान से तेल आयात बंद न करने वालों के विरुद्ध अमरीका की ओर से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
चीनी विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुवांग ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि तेहरान के साथ बीजिंग का द्विपक्षीय सहयोग, क़ानून के अनुसार है।
ज्ञात रहे कि चीन, ईरान से तेल आयात करने वाला एक महत्वपूर्ण देश समझा जाता है और वह उन आठ देशों में शामिल रहा है जिन्हें ईरान से तेल आयात करने की अमरीकी छूट मिली है।(AK)