हटाया जाएगा श्रीलंका के सेना प्रमुखों कोः सिरिसेना
श्रीलंका में हुए आत्मघाती हमलों के बाद राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना ने कहा कि देश में हुए हमले को रोकने में असमर्थता के कारण सेना प्रमुखों को बदला जाएगा।
श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना ने कहा है कि देश में ईस्टर के मौके पर हुए आत्मघाती हमलों को रोकने में विफल रहने के कारण देश के रक्षाबलों के प्रमुखों को बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी होने के बावजूद भी इन हमलों को रोका नहीं जा सका। श्रीलंका के राष्ट्रपति सिरीसेना ने कहा कि यह बदलाव आगामी 24 घंटों के भीतर किये जाएंगे। सिरिसेना ने श्रीलंका की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा है कि देश से आतंकवाद को समाप्त करने के लिए सभी ज़रुरी कदम उठाएं जाएंगे। इससे पहले श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने कहा था कि भारत से खुफिया सूचना मिलने के बावजूद उनपर काम नहीं किया गया। श्रीलंका की सुरक्षा एजेसिंयां, विस्फोटों के षडयंत्रकर्ताओं की धरपकड़ के लिए काम कर रही हैं। धमाकों से संबंध होने के शक में पुलिस ने कम से कम 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ज्ञात रहे कि श्रीलंका में ईस्टर के दिन हुए भीषण बम धमाकों में 359 लोग मारे गए जबकि 500 अन्य घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी कुछ दिनों के बाद आतंकी संगठन दाइश ने स्वीकार की थी।