जापान में चाक़ू के हमले में कई लोग घायल
जापान में एक व्यक्ति ने कई लोगों पर चाकू से हमला करके स्वयं को मार लिया।
जापान में होने वाले चाक़ू के इस हमले में एक स्कूली छात्रा के मारे जाने की बात कही जा रही है। हमला जापान की राजाधानी टोक्यो के दक्षिणी शहर कवासाकी में हुआ। इस हमले में करीब 20 लोग घायल हो गए जिनमें 16 स्कूली छात्र बताए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर ने यह हमला क्यों किया? हमलावर ने बाद में स्वयं को भी चाकू से गोद डाला जिसकी बाद पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई।
कवासाकी में यह हमला मंगलवार को सुबह स्थानीय समय के अनुसार लगभग 7-45 पर ऐसे समय में हुआ जब कामकाजी लोग अपने दफ्तरों की ओर तथा बच्चे स्कूल जा रहे थे। लोग बस का इंतजार कर थे, जब हमलावर ने उन्हें चाकू से गोद डाला। इस घटना के बाद जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें एक बस भी घटनास्थल पर खड़ी नजर आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही बचावकर्मी वहां पहुंच गए जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस हमले से लोगों के दिलों में डर बैठ गया, क्योंकि यहां आम तौर पर हिंसक घटनाएं नहीं होती हैं और बच्चे अकेले भी घर से काफी दूर तक स्कूल आते-जाते हैं। इससे पहले जापान में सन 2016 में ऐसी बड़ी वारदात हुई थी जब टोक्यो के दक्षिण में एक दिव्यांग केंद्र में एक व्यक्ति ने 19 लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।