जापानी प्रधानमंत्री के महत्वपूर्ण ईरान दौरे की घोषणा
जापान सरकार ने प्रधानमंत्री शेन्ज़ो आबे के ईरान दौरे की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
क्यूडो न्यूज़ एजेन्सी के अनुसार जापानी प्रधानमंत्री शेन्ज़ो आबे 12 से 14 जून तक ईरान का तीन दिवसीय सरकारी दौरा करेंगे।
पिछले चार दशकों में किसी भी जापानी प्रधानमंत्री का यह ईरान का पहला दौरा होगा।
जापान के प्रधानमंत्री शेन्ज़ो आबे ने यह आशा व्यक्त की है कि वह ईरान तथा अमरीका के बीच हालिया तनाव को समाप्त कराने के लिए दोनों देशों को वार्ता की ओर प्रेरित करने में सफल हो जाएंगे।
जापान के विदेशमंत्री तारोकोनो ने भी कहा है कि अमरीका और ईरान के मित्र के रूप में उनका देश, तेहरान और वाशिंग्टन के बीच तनाव की समाप्ति में अपनी भूमिका अदा करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शेन्ज़ो आबे के ईरान दौरे के अवसर पर टोक्यो और तेहरान के बीच संबंधों में विस्तार के मार्गों की भी समीक्षा की जाएगी।
प्रधानमंत्री शेन्ज़ो आबे अपने ईरान दौरे के अवसर पर इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता सैयद अली ख़ामेनेई और राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी से अलग अलग मुलक़ातें करेंगे। (AK)