प्रदर्शनों की आग में जल उठा हांगकांग
हांगकांग में विवादित प्रत्यर्पण विधेयक को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित करने के बाद भी प्रदर्शनों का क्रम यथावत जारी है।
हांगकांग की सरकार को विवादित प्रत्यर्पण विधेयक को लेकर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनों का सिलसिला थम नहीं रहा है और कहीं-कहीं तो हिंसा भी हुई जिसके चलते इस विधेयक को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया।
आलोचकों को आशंका है कि बीजिंग समर्थित इस क़ानून से लोग चीन की अपारदर्शी और राजनीतिक रूप से प्रभावित अदालतों में फंसेंगे तथा इससे शहर की छवि को नुकसान होगा जो अब तक सुरक्षित व्यवसायिक केंद्र की रही है।
मध्य हांगकांग में बीते रविवार को विवादास्पद प्रत्यर्पण विधेयक के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारी इस दौरान ‘बुरे कानून को वापस लो’ जैसे नारे लगा रहे थे और हांगकांग की मुख्य प्रशासक कैरी लाम के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
विवादित विधेयक को लेकर कैरी लाम ने हालांकि माफी मांग ली है लेकिन उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं दिया।
प्रदर्शनों के बारे में पिछले रविवार को न तो चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के मुख्य समाचार बुलेटिनों में दिनभर कोई खबर आई और न ही सोशल मीडिया मंचों पर रैली का जिक्र या कोई तस्वीर दिखाई दी। (AK)