14 साल बाद किसी चीनी राष्ट्रपति का उत्तर कोरिया का दौरा
(last modified Thu, 20 Jun 2019 12:18:36 GMT )
Jun २०, २०१९ १७:४८ Asia/Kolkata
  • 14 साल बाद किसी चीनी राष्ट्रपति का उत्तर कोरिया का दौरा

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग गुरुवार को उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के ऐतिहासिक दौरे पर पहुंचे।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग उन से महत्वपूर्ण वार्ता के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उत्तर कोरिया पहुंचे, 14 साल में यहां आने वाले वह पहले चीनी राष्ट्रपति हैं। बताया जा रहा है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरिया के नेता के बीच परमाणु मुद्दे और प्रतिबंधों को लेकर बातचीत होगी। इससे पहले किम जोंग उन की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प से दो मुलाक़ातें सिंगापुर (12 जून 2018) और वियतनाम (28 फ़रवरी) में हो चुकी हैं। अमेरिका, उत्तर कोरिया से अपने परमाणु कार्यक्रम को ख़त्म करने को लेकर कह चुका है लेकिन अभी तक अमेरिका या संयुक्त राष्ट्र की तरफ़ से उत्तर कोरिया पर लगाए प्रतिबंधों में ढील नहीं दी गई है।

दूसरी ओर बीते कई वर्षों से चीन और उत्तर कोरिया अपने रिश्ते बेहतर बनाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। चीन, उत्तर कोरिया पर लगाए प्रतिबंधों को हटाने की वकालत करता रहा है। पिछले साल किम जोंग उन 4 बार चीन गए थे। वहीं, विश्लेषकों का कहना है कि जिनपिंग ने यह दौरा काफ़ी सोच-समझकर किया है। वे किम और ट्रम्प की बातचीत पर नज़र रखे हुए थे। जिनपिंग के दौरे को उत्तर कोरियाई मीडिया ने काफ़ी अहम बताया है। उत्तर कोरिया के सरकार समाचार पत्र रोडोंग सिनमुन ने आधे फ्रंट पेज पर जिनपिंग के दौरे को ही जगह दी है। एडिटोरियल में लिखा है कि, “इस समय उत्तर कोरिया के अंतर्राष्ट्रीय संबंध जटिलताओं से भरे हैं। चीनी राष्ट्रपति का हमारे यहां आना दिखाता है कि चीन-उत्तर कोरिया के रिश्ते काफ़ी अहमियत रखते हैं। हमारे देश को चीन के लोगों के इस भरोसे पर गर्व है।” (RZ)