अफ़ग़ान वार्ता प्रक्रिया, तालेबान प्रतिनिधिमंडल की चीनी अधिकारियों से मुलाक़ात
चीनी विदेशमंत्रालय का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान में शांति के विस्तार और संधि प्रक्रिया के लिए तालेबान के प्रतिनिधिमंडल की चीन ने मेज़बानी की।
ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान में अंतर्राष्ट्रीय सेना और अमरीका समर्थित काबुल सरकार से वर्षों से लड़ने वाले संगठन तालेबान के प्रतिनिधि मंडल और अमरीकी कूटनयिकों के बीच कई महीनों से वार्ता जारी है।
वार्ता में तालेबान की ओर से अमरीका और अन्य अंतर्राष्ट्रीय सेना के निष्कासन की मांग की गयी है जिसके बदले में इस बात को सुनिश्चित कराया जा रहा है कि आतंकवादी हमलों के लिए अफ़ग़ानिस्तान को केन्द्र के रूप में प्रयोग होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
तालेबान के वार्ताकारों ने देश के भविष्य के लिए इन्ट्रा अफ़ग़ान डायलॉग के अंतर्गत सीनियर अफ़ग़ान नेताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों से भी मुलाक़ातें की हैं।
रोइटर्ज़ के अनुसार चीनी विदेशमंत्रालय के प्रवक्ताव लो कांग ने पत्रकारों को बताया कि क़तर में तालेबान के प्रतिनिधि अब्दुल ग़नी बरादर और उनके साथियों ने हाल ही में चीन का दौरा किया किन्तु उन्होंने इस दौरे का समय नहीं बताया।
उनका कहना था कि चीनी अधिकारियों ने उनसे मुलाक़ात की और अफ़ग़ान शांति प्रक्रिया तथा आतंकवाद निरोधक मुद्दे पर विचार विमर्श किया किन्तु उन्होंने यह भी नहीं बताया कि किन चीनी अधिकारियों ने तालेबान के प्रतिनिधि मंडल से मुलाक़ात की।
उन्होंने कहा कि चीन की अफ़ग़ानिस्तान में बदलती स्थिति पर नज़र है, हमने हमेशा अफ़ग़ान शांति चरण और सुलह प्रक्रिया के लिए सकारात्मक भूमिका अदा की है। (AK)