पाकिस्तान में रेल दुर्घटना 16 लोगों की मौत
पाकिस्तान में गुरुवार को ट्रेन दुर्घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 79 अन्य लोग घायल हो गए।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहीमयार खान जिले में यह दुर्घटना उस समय हुई जब क्वेटा जा रही पैसेंजर ट्रेन, अकबर एक्सप्रेस वल्हार रेलवे स्टेशन के लूप लाइन पर खड़ी एक मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर में पैसेंजर ट्रेन का इंजन और तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि राहत व बचावकर्मी ट्रेन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं। घायलों को पास के सादिकाबाद और रहीम यार खान के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान और राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इमरान सरकार ने हादसे की जांच का आदेश दे दिया है। रेलवे मंत्रालय ने मुआवजे के तौर पर मृतकों के आश्रितों को 15-15 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। पाकिस्तान के रेलमंत्री शेख रशीद अहमद ने इस रेल दुर्घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा है कि अभी हमारी प्राथमिकता, ट्रेन में फंसे लोगों को बाहर निकालना है।