पाकिस्तानी मीडिया का दावा, जमाअतुद्दावा का प्रमुख हाफ़िज़ सईद गिरफ़्तार
https://parstoday.ir/hi/news/world-i77275-पाकिस्तानी_मीडिया_का_दावा_जमाअतुद्दावा_का_प्रमुख_हाफ़िज़_सईद_गिरफ़्तार
जमाअतुद्दावा के प्रमुख हाफ़िज़ सईद को पाकिस्तान के आतंकवाद निरोधक विभाग ने लाहौर से गुजरांवाला जाते समय गिरफ़्तार कर लिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १७, २०१९ ०९:५७ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तानी मीडिया का दावा, जमाअतुद्दावा का प्रमुख हाफ़िज़ सईद गिरफ़्तार

जमाअतुद्दावा के प्रमुख हाफ़िज़ सईद को पाकिस्तान के आतंकवाद निरोधक विभाग ने लाहौर से गुजरांवाला जाते समय गिरफ़्तार कर लिया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, जमाअतुद्दावा के प्रमुख हाफ़िज़ सईद, जिनपर आतंकवादी गुटों को आर्थिक सहायता देने का आरोप है, बुधवार को पाकिस्तान के गुजरांवाला में स्थित आतंकवाद निरोधक विभाग की अदालत की ओर जा रहे थे कि तभी उन्हें गुजरांवाला की सीमा में प्रवेश करते ही गिरफ़्तार कर लिया गया। पाकिस्तान आतंकवाद निरोधक विभाग का कहना है कि हाफिज़ सईद को गिरफ़्तार करके अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है और इस संबंध में बाद में विस्तृत रूप से मीडिया को विवरण जारी किया जाएगा। इस बीच जमाअतुद्दावा के प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रोएटर्ज़ से बातचीत में हाफ़िज़ सईद की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है।

उल्लेखनीय है कि इस महीने के आरंभ में ही प्रतिबंधित जमातुद्दावा के प्रमुख हाफ़िज़ सईद और उप प्रमुख अब्दुर्रहमान मक्की सहित 13 नेताओं के ख़िलाफ़ आतंकवाद अधिनियम 1997 के तहत आतंकवादी गुटों की आर्थिक सहायाता और  मनी लॉन्ड्रिंग सहित 2 दर्जन से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। पाकिस्तान के काउंटर टेररिज़म विभाग का कहना था कि जमातुद्दावा अपनी कल्याणकारी संस्थाओं, अलइंफ़ाल ट्रस्ट, दावतुद् इरशाद ट्रस्ट, मुआज़ बिन जबल ट्रस्ट आदि के माध्यम से एकत्रित होने वाला धन आतंकवादियों की वित्तीय सहायता के लिए उपयोग कर रहा है। इन सभी कल्याणकारी संस्थाओं की जांच के बाद जमातुद्दावा से संबंध का पता लगने पर इसी वर्ष अप्रैल के महीने में उन पर और उनके सरग़नाओं पर प्रतिबंध लगाया गया था।

ज्ञात रहे कि वर्ष 2018 में संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद की ओर से आतंकियों और उनके संगठनों की एक नई सूची जारी की गई थी जिसमें 139 नाम पाकिस्तान से शामिल किए गए थे। सूचि में उन लोगों को भी शामिल किया गया था जो पाकिस्तान में रहते हैं या वहां से अपनी गतिविधियां अंजाम देते हैं या फिर पाकिस्तान के इलाक़ों को प्रयोग करने वाले संगठनों से उनका सबंध है। उसी सूचि में जमाअतुद्दावा के प्रमुख हाफ़िज़ सईद को भी शामिल किया गया था। हाफ़िज़ सऊद को इंटरपोल को वांछित व्यक्ति के रूप में इस सूचि में जगह दी गई थी। (RZ)