अफ़ग़ानिस्तान के आतंकी हमले में नहीं हमारी कोई भूमिकाः पाकिस्तान
पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान में आतंकी हमले में इस्लामाबाद की भूमिका के आरोप को रद्द कर दिया है।
पाकिस्तान की सरकार ने अफ़ग़ानिस्तान में हर प्रकार के आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए इस देश में की जाने वाली आतंकवादी कार्यवाहियों में इस्लामाबाद की संलिप्तता के आरोप को ख़ारिज कर दिया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मुहम्मद फ़ैसल ने एक बयान जारी करके बताया है कि हम इस निराधार आरोप को कड़ाई से रद्द करते हैं कि क़ंधार हमले की योजना पाकिस्तान में बनाई गई थी। ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान की इंटेलिजेंस सर्विस ने आरोप लगाया है कि क़ंधार में पुलिस मुख्यालय पर किये गए हमले की योजना पाकिस्तान में बनाई गई थी। गुरूवार को क़ंधार में पुलिस मुख्यालय के प्रेवश द्वार के निकट एक बम विस्फोट हुआ था जिसमें 12 लोग मारे गए और 60 अन्य घायल हो गए थे। इसी प्रकार शुक्रवार को काबुल विश्वविद्यालय के सामने हुए विस्फोट में 8 लोग हताहत हुए थे जबकि 33 अन्य घायल हो गए थे।