कश्मीर पर मध्यस्थता के लिए ट्रम्प तैयारः इमरान ख़ान
इमरान खान का कहना है कि डोनाल्ड ट्रम्प ने कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्था की पेशकश की है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की अमरीकी यात्रा के दौरान ट्रम्प ने कश्मीर मामले पर मध्यस्था की पेशकश की है। इमरान ख़ान के साथ भेंट में डोनाल्ड ट्रम्प ने कश्मीर के मुद्दे पर भारत तथा पाकिस्तान के बीच मध्यस्था की बात कही है। डान समाचारपत्र के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति का कहना था कि इस मामले में यदि मैं कोई सहयोग कर सकता हूं तो मैं मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता हूं। ट्रम्प ने कहा कि इस संबन्ध में यदि मैं कोई भूमिका निभा सकता हूं तो यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात होगी।
इस भेंट में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि विश्व के एक शक्तिशाली देश के नाते अमरीका, भारतीय उपमहाद्वीप में शांति स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से अमरीका जैसा देश भारत और पाकिस्तान को निकट ला सकता है।
इसी बीच अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने बताया कि कश्मीर मामले पर मध्यस्था के लिए मुझसे भारत की ओर से भी कहा जा चुका है। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह पूर्व मेरी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट हुई थी। ट्रम्प ने कहा कि मुझसे भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा था कि क्या आप दो पक्षों के बीच मध्यस्था करना पसंद करेंगे। जब मैंने उनसे पूछा किस बारे में तो नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि कश्मीर मामले पर। ट्रम्प ने कहा कि मुझको इस काम से खुशी होगी। ट्रम्प ने कहा कि मैं कश्मीर के बारे में बहुत कुछ सुन चुका हूं। मैंने सुना है कि वह बहुत ही ख़ूबसूरत जगह है किंतु वहां पर बमबारी होती रहती है।