तालेबान से भेंटवार्ता करना चाहता हूंः इमरान ख़ान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा है कि वे निकट भविष्य में तालेबान के साथ भेंट करना चाहते हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा है कि वे निकट भविष्य में तालेबान के साथ भेंट करना चाहते हैं। डाॅन न्यूज़ के अनुसार इमरान ख़ान ने मंगलवार को वाशिग्टन में कहा कि कुछ महीने पहले तालेबान मुझसे मिलना चाहते थे किंतु अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति यह नहीं चाहते थे कि मैं तालेबान से भेंट करूं। उन्होंने कहा कि मैं तालेबान को अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के साथ वार्ता के लिए तैयार करने के प्रयास करूंगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि अबतक मेरी मुलाक़ात तालेबान से नहीं हुई है किंतु अमरीकी राष्ट्रपति से भेंटवार्ता और अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति से संपर्क के बाद मैं तालेबान से मिलकर उनको शांतिवार्ता के लिए तैयार करने की कोशिश करूंगा।
इमरान ख़ान ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान के बारे में पाकिस्तान का दृष्टिकोण बदल चुका है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश अफ़ग़ानिस्तान में शांति की स्थापना के लिए इस्लामाबाद अब प्रभावी भूमिका निभाना चाहता है।