अफ़ग़ानी जनता ने की ट्रम्प के बयान की निंदा
अपने देश के बारे दिये गए ट्रम्प के बयान की अफ़ग़ानिस्तान की जनता ने कड़ी निंदा की है।
अफ़ग़ानिस्तान के सांसदों ने इस देश के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के आपत्तिजनक बयान की निंदा करते हुए इसकी भर्त्सना की है। इन सांसदों ने ट्रम्प के बयान को ग़ैर ज़िम्मेदाराना और अन्तर्राष्ट्रीय नियमों के विरुद्ध बताया। अफ़ग़ानी सांसदों का कहना था कि ट्रम्प का हालिया बयान उनकी अपरिपक्वता को सिद्ध करता है। इन सांसदों ने कहा कि ट्रम्प को पहले अफ़ग़ानिस्तान के इतिहास का ठीक से अध्धयन करना चाहिए। उनका कहना था कि अफ़ग़ानिस्तान के संबन्ध में अपने व्यवहार के बारे में अमरीका को बहुत सचेत रहना चाहिए क्योंकि यह देश साम्राज्यवादियों का क़ब्रिस्तान रहा है। इससे पहले एक अफ़ग़ानी सांसद फ़ज़्ल हादी कह चुके हैं कि अगर अफ़ग़ानी जनता का अमरीका के विरुद्ध क्रोध बढ़ा तो फिर अफ़ग़ानिस्तान के भीतर एक भी अमरीकी सैनिक ज़िंदा बाक़ी नहीं रह पाएगा।
ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने वाइट हाउस में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के साथ भेंट में कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान युद्ध के बारे में अमरीका, सैन्य मार्ग का प्रयोग करके एक सप्ताह के भीतर अफ़ग़ान संकट का समाधान कर सकता है किंतु इसमें दस लाख लोग मारे जाएंगे और अफ़ग़ानिस्तान, विश्व के मानचित्र से समाप्त हो जाएगा।