लीबिया के पास दसियों प्रवासियों के डूबने की आशंका
https://parstoday.ir/hi/news/world-i77603-लीबिया_के_पास_दसियों_प्रवासियों_के_डूबने_की_आशंका
प्रवासियों से भरी नौका के लीबिया के निकट पलट जाने से कम से कम 115 प्रवासियों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Jul २६, २०१९ १५:३७ Asia/Kolkata
  • लीबिया के पास दसियों प्रवासियों के डूबने की आशंका

प्रवासियों से भरी नौका के लीबिया के निकट पलट जाने से कम से कम 115 प्रवासियों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।

यूरो न्यूज़ के अनुसार लीबिया की नौसेना के प्रवक्ता ने बताया है कि त्रिपोली से 120 किलोमीटर पूर्व में स्थित तटीय नगर अलख़मीस के पास प्रवासियों से भरी एक नौका के पलट जाने से दसियों लोगों के डूबने की आशंका बनी हुई है।  सूत्रों का कहना है कि इस नौका पर 300 से अधिक लोग सवार थे।  लीबिया के अधिकारियों के अनुसार लगभग 132 प्रवासियों को बचा लिया गया है।  नौका पर सवार लोगों में से अधिकतर अफ़्रीका और अरब देशों के प्रवासी थे।  संयुक्त राष्ट्रसंघ के मानवाधिकार आयोग ने इस घटना को वर्ष 2019 की सबसे दुखद त्रासदी बताया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तरी अफ़्रीकी देशों के बहुत से नागरिक अपने देशों की बुरी आर्थिक स्थिति या युद्ध के कारण अपनी जान को ख़तरे में डालकर यूरोप का रुख करते हैं।  उत्तरी अफ़्रीका के कुछ देशों की यूरोपीय देशों से दूरी मात्र 300 किलोमीटर है।