आले सऊद के ख़िलाफ़ गवाही दूंगाः 9/11 का मास्टर माइंड
अमरीका में 11 सितम्बर के आतंकी हमलों के मास्टर माइंड ने कहा है कि अगर अमरीकी सरकार उसे मृत्यु दंड न दे तो वह सऊदी अधिकारियों के ख़िलाफ़ गवाही देने के लिए तैयार है।
अलजज़ीरा टीवी की रिपोर्ट के अनुसार ख़ालिद शैख़ मुहम्मद ने, जिसे नाइन इलेवन के हमलों का मास्टर माइंड कहा जाता है, कहा है कि अगर अमरीका की सरकार उसके मृत्युदंड को रद्द करते तो वह इस घटना में मरने वालों के परिजनों को सऊदी अरब के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्यवाही में मदद देने के लिए तैयार है। गत शुक्रवार को नाइन इलेवन के हमलों में मरने वालों के परिजनों ने सऊदी अरब के ख़िलाफ़ एक मुक़द्दमा दर्ज कराया है जिसमें उस पर नाइन इलेवन के हमलों में समन्वय का आरोप लगाया गया है। ख़ालिद शैख़ मुहम्मद अलक़ाएदा के बड़े सरग़नाओं में से एक है जिसे वर्ष 2003 में पाकिस्तान से गिरफ़्तार किया गया था।
दूसरी ओर अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने सोमवार को 11 सितम्बर की घटना में मारे जाने वाले लोगों के परिजनों को हर्जाना देने के क़ानून पर दस्तख़त कर दिए। इस क़ानून के अनुसार जिसे भी नाइन इलेवन की घटना से नुक़सान पहुंचा होगा या उसका कोई परिजन इस घटना में मारा गया होगा, अगले 73 साल तक अमरीका की सरकार से हर्जाना ले सकेगा। (HN)