ट्रम्प ने दी चीन को चेतावनी
ट्रंप ने ट्वीट करके चीन को कड़ी चेतावनी दी है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को सचेत करते हुए कहा है कि वह अमेरिका के साथ व्यापार समझौते का इंतजार न करे। ट्रम्प ने चीन को यह चेतावनी ऐसे समय में दी है जबकि चीन के अधिकारियों के साथ रुकी वार्ता को दोबारा शुरू करने के लिए शंघाई में चीन तथा अमरीकी अधिकारियों के बीच बातचीत शुरू हो गई है।
ट्रंप ने ट्वीट किया, ''मेरी टीम इस समय उनके साथ वार्ता कर रही है। लेकिन वे हमेशा अंत में अपने लाभ के लिए प्रस्ताव में बदलाव करते हैं।" ट्रंप ने कहा, ''चीन काफी खराब कर रहा है। 27 साल में सबसे खराब। उनको हमारे कृषि उत्पाद खरीदने शुरू करने थे लेकिन इसका अभी कोई संकेत नहीं मिला है। चीन के साथ यही समस्या है।"
जून में जी-20 शिखर बैठक के दौरान ट्रंप की चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ इस विवाद को समाप्त करने के लिए सहमति बनी थी। उसके बाद से यह दोनों देशों के बीच पहली आमने सामने की वार्ता है। अमेरिका और चीन अबतक एक-दूसरे के 360 अरब डॉलर के उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगा चुके हैं। ट्रंप ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान अमेरिका की अर्थव्यवस्था चीन से कहीं अधिक बड़ी हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि चीन को संभवत: हमारे अगले चुनाव तक इंतेज़ार करना चाहिए। शायद कहीं कोई कोई डेमोक्रेट सत्ता में आ जाए। उसके बाद तो वे शानदार समझौते कर सकेंगे जैसे पिछले 30 वर्षों तक करते रहे हैं।