ओसामा बिन लादेन के बेटे के मारे जाने की ख़बर
आतंकी संगठन अलक़ायदा के सरग़ना ओसामा बिन लादेन के बेटे हमज़ा बिन लादेन के मारे जाने के विरोधाभासी समाचार प्राप्त हो रहे हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि आतंकी संगठन अलक़ायदा के पूर्व सरग़ना ओसामा बिन लादेन का बेटा हमज़ा बिन लादेन एक हमले में मारा गया है। हमज़ा आतंकी गुट के सरग़ना के रूप में काम कर रहा था। इस बीच अमेरिकी मीडिया का कहना है कि ओसामा के बेटे के मारे जाने के संबंध में कोई स्पष्ट सूचना अभी उनके पास नहीं है और जैसे ही इस संबंध में कोई जानकारी आती है उसको मीडिया के माध्यम से बताया जाएगा।
अमेरिकी विदेश विभाग ने हमज़ा बिन लादेन की सूचना देने वाले को 10 लाख डॉलर नक़द इनाम देने की घोषणा कर रखी है। ब्रिटिश समाचार एजेंसी की ओर से बार-बार सूचना दिए जाने के बाद भी अमेरिकी विदेश विभाग ने अभी तक समाचार की पुष्टि नहीं की है।
ज्ञात रहे कि इससे पहले अमेरिकी मीडिया ने ओसामा बिन लादेन के बेटे हमज़ा के बारे में ख़बर दी थी कि हमज़ा बिन लादेन ने न्यूयार्क में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले के योजनाकार मुहम्मद अता की बेटी से शादी कर ली है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना था कि हमज़ा के विवाह से यह पता चलता है कि न्यूयार्क हमला अंजाम देने वालों के संपर्क में है और वह आज भी अलक़ायदा के भीतर अपनी भूमिका निभा रहा है। (RZ)