जम्मू व कश्मीर का मामला भारत का आंतरिक मामला हैः अमरीका
अमरीका का मानना है कि जम्मू व कश्मीर का मामला भारत का आंतरिक मामला है।
अमरीका ने जम्मू व कश्मीर को भारत द्वारा दिये गए विशेष दर्जे को सामप्त करने से प्रभावित होने वालों के साथ नई दिल्ली की वार्ता पर बल देते हुए कहा है कि यह भारत का आंतरिक मामला है।
डाॅन समाचारपत्र की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि जम्मू व कश्मीर में होने वाले परिवर्तनों पर हम निकट से दृष्टि रखे हुए हैं। मोरगेस ओरटागस का कहना है कि यह भारत का आंतरिक मामला है। उनका कहना था कि नई दिल्ली ने इसे अपना आंतरिक मामला बताया है। अमरीकी अधिकारियों ने कहा कि जम्मू व कश्मीर में नेताओं की गिरफ़तारी पर हमें चिंता है। उनका कहना था कि हम लोगों के अधिकारों का सम्मान करने तथा इस मामले के प्रभावितों से वार्ता का आह्वान करते हैं। अमरीका ने भारत और पाकिस्तान से लाइन आफ कन्ट्रोल पर शांति बनाए रखने का आह्वान किया है।
उल्लेखनीय है कि भारत नियंत्रित जम्मू व कश्मीर के बारे में अमरीकी बयान में ट्रम्प के उस वक्तव्य का उल्लेख नहीं किया गया जिसमें उन्होंने इस मामले में मध्यस्थता की बात कही थी।22 जूलाई को अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा था कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे कश्मीर मामले में मध्यस्थता करने को कहा था जबकि भारत ने ट्रम्प के इस बयान को रद्द कर दिया था।