तालेबान की धमकी से राष्ट्र संघ चिंतित
संयुक्त राष्ट्रसंघ ने तालेबान की हालिया धमकी पर चिंता व्यक्त की है।
तालेबान द्वारा अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान हमला करने की धमकी पर राष्ट्रसंघ ने चिंता जताई है। अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रसंघ के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस देश के आगामी राष्ट्रपति चुनाव में विध्न डालने की तालेबान की धमकी, अन्तर्राष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन है। इस बयान में कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान में चुनावी प्रक्रिया, नागरिक गतिविधि है जिसमें कोई भी सम्मिलित हो सकता है। संयुक्त राष्ट्रसंघ ने घोषणा की है कि मतदान केन्द्रों या मतदाताओं पर हमला करना अपराध है जिसके ज़िम्मेदारों को इसका जवाब देना होगा। इससे पहले एमनेस्टी इंटरनैश्नल ने भी तालेबान की धमकी की निंदा करते हुए कहा था कि यह मानवीय जीवन का अपमान है।
ज्ञात रहे कि तालेबान ने मंगलवार को बयान जारी करके अफ़ग़ानिस्तान की जनता से मांग की है कि वह आगामी राष्ट्रपति चुनाव में भाग न ले अन्यथा वह हमले कर सकता है। अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव 28 सितंबर 2019 को होने वाला है।