मिसाइल टेस्ट के बावजूद पोम्पियो कोरिया से वार्ता के लिए तैयार
उत्तरी कोरिया की ओर से नए मिसाइल परीक्षण के बावजूद अमरीका ने इस देश के साथ वार्ता की आशा जताई है।
अमरीकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने एक बार फिर उत्तरी कोरिया के साथ वार्ता की बात कही है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार पोम्पियो ने कहा कि उन्हें अब भी आशा है कि उत्तरी कोरिया की ओर से हालिया मिसाइल टेस्ट के बावजूद वार्ता का एक और दौर हो सकता है। उनका कहना था कि अमरीका, उत्तरी कोरिया की स्थिति पर निकट से नज़र रखे हुए है। अमरीकी विदेशमंत्री के अनुसार अगले कुछ सप्ताहों के दौरान उत्तरी कोरिया के साथ नए चरण की वार्ता की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस समय कोरिया ने कम दूरी के मिसाइल का परीक्षण किया है जबकि जिस समय ट्रम्प ने सत्ता संभाली थी उस समय लंबी दूरी के मिसाइल का परीक्षण उत्तरी कोरिया की ओर से किया जा रहा था।
ज्ञात रहे कि अमरीकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो की ओर से वार्ता का विषय एसे समय में उठाया गया है कि जब दो दिन पहले ही उत्तरी कोरिया ने मिसाइल का परीक्षण किया है। हालिया दो सप्ताहों के दौरान उत्तरी कोरिया की ओर से यह चौथी बार मीज़ाइल फ़ायर किए गये हैं। इससे पहले पियुंगयांग ने तीन बार कम दूरी के बैलेस्टिक मीज़ाइल और नये लांचर पैड्स का प्रयोग किया था।