हांगकांग में हालिया हिंसा पर राष्ट्रसंघ की प्रतिक्रिया
संयुक्त राष्ट्रसंघ के मानवाधिकार आयोग ने हांगकांग में हालिया हिंसा की निशपक्ष जांच की मांग की है।
फ़्रांस प्रेस के अनुसार संयुक्त राष्ट्रसंघ के मानवाधिकार आयोग के प्रवक्ता ने जनेवा में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रसंघ के मानवाधिकार आयुक्त माइकल बाचेलेट ने हांगकांग की हालिया हिंसा की निंदा की है। उन्होंने बताया कि हांगकांग के अधिकारियों से मांग की गई है कि वे इस हिंसा की निषपक्ष जांच करे। रोपर्ट कालवेल ने कहा कि मानवाधिकारों के घोषणापत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के अधिकार की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि इस बात के पुष्ट प्रमाण मिले हैं कि हांगकांग की पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया वह अन्तर्राष्ट्रीय क़ानूनों का खुला उल्लंघन है।
ज्ञात रहे कि लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों के धरने की वजह से हांगकांग हवाईअड्डे पर दूसरे दिन भी अफरातफरी रही। प्रदर्शनों के कारण मंगलवार को सैकड़ों उड़ानें या तो रद्द कर दी गईं, या निलंबित कर दी गईं। इस बीच, पुलिस ने मंगलवार की रात हवाईअड्डे के बाहर प्रदर्शनकारियों पर 'मिर्च स्प्रे' का इस्तेमाल किया। इसी बीच मंगलवार की सुबह हांगकांग की मुख्य कार्यकारी कैरी लाम ने एक संवाददाता सम्मेलन में आगाह किया कि यदि बढ़ती हिंसा पर रोक नहीं लगती तो इसके भयंकर परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि क्या हिंसा, हांगकांग को ऐसे रास्ते पर ले जाएगी जहां से लौटने का कोई मार्ग नहीं बचेगा? उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सप्ताहों से हांगकांग में विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं जिसमें प्रदर्शनकारी, वहां की प्रशासक कैरी लाम के त्यागपत्र की मांग कर रहे हैं।