अमरीका ने किया क्रूज़ मिसाइल का परीक्षण, चीन ने की आलोचना
https://parstoday.ir/hi/news/world-i78470-अमरीका_ने_किया_क्रूज़_मिसाइल_का_परीक्षण_चीन_ने_की_आलोचना
अमरीका की ओर से मीडियम रेंज के क्रूज़ मिसाइल के परीक्षण का चीन ने कड़ा विरोध किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug २०, २०१९ १४:३६ Asia/Kolkata
  • अमरीका ने किया क्रूज़ मिसाइल का परीक्षण, चीन ने की आलोचना

अमरीका की ओर से मीडियम रेंज के क्रूज़ मिसाइल के परीक्षण का चीन ने कड़ा विरोध किया है।

चीन की सरकार ने अमरीका की ओर से किये गए मीडियम रेंज क्रूज़ मिसाइल के परीक्षण को ख़तरनाक बताया है।  बीजिंग का कहना है कि अमरीका का यह क़दम, संसार में हथियारों की प्रतिस्पर्धा में वृद्धि का कारण बनेगा।  चीन के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी करके घोषणा की है कि अमरीका की ओर से मीडियम रेंज के क्रूज़ मिसाइल का परीक्षण निश्चित रूप से तनाव को बढ़ाएगा।  इस चीनी बयान में यह भी कहा गया है कि इससे अन्तर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

ज्ञात रहे कि अमरीका ने "आईएनएफ" संधि से निकलने के बाद रविवार को मीडियम रेंज के क्रूज़ मिसाइल का परीक्षण किया है।  पेंटागन ने एक बयान जारी करके इसकी घोषणा की है। चीन से पहले रूस ने भी अमरीका की इस कार्यवाही पर खेद व्यक्त किया था।  रूसी विदेश उपमंत्री ने अमरीका की ओर से किये गए मीडियम रेंज क्रूज़ मिसाइल के परीक्षण को ख़तरनाक बताते हुए कहा था कि इससे पता चलता है कि अमरीका ने काफी पहले ही "आईएनएफ" संधि को समाप्त करने की योजना बना ली थी।

उल्लेखनीय है कि अमरीका के विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने 2 अगस्त 2019 को आधिकारिक रूप में "आईएनएफ" संधि से निकलने का एलान कर दिया था जिसे रूसी विदेशमंत्रालय ने बहुत बड़ी ग़लती बताया था।