ट्रम्प, इसी साल उत्तरी कोरिया के नेता से दोबारा मुलाक़ात करेंगे
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वे जारी वर्ष में उत्तरी कोरिया के नेता से पुनः मुलाक़ात करेंगे।
ट्रम्प ने वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्हें जारी वर्ष में त्तरी कोरिया के नेता किम जोंग ऊन से दोबारा मुलाक़ात की प्रतीक्षा है। उन्होंने इस सवाल के जवाब में कि क्या वे किम जोंग ऊन से मिलना चाहते हैं और क्या उत्तरी कोरिया से वार्ता के लिए उनके पास कोई नया प्रस्ताव है? कहा कि हां निश्चित तौर पर। उन्होंने कहा कि उत्तरी कोरिया भी मुलाक़ात का इच्छुक है और मुझे लगता है कि यह चीज़ अवश्य होगी और हम इसे देखेंगे।
उल्लेखनीय है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और उत्तरी कोरिया के नेता किम जोगं ऊन ने वर्ष 2018 से अब तक तीन बार सीधी मुलाक़ात की है लेकिन इन मुलाक़ातों का कोई परिणाम नहीं निकला है। गत सोमवार को उत्तरी कोरिया की उप विदेश मंत्री चूई सान हूई ने कहा था कि प्योंगयांग सितम्बर के अंत से अमरीका के साथ वार्ता पुनः शुरू करने का इच्छुक है लेकिन इसके लिए अमरीका को, उत्तरी कोरिया के सामने कोई नया प्रस्ताव रखना होगा। ट्रम्प ने बुधवार को अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोलटन को उनके पद से हटाने के बाद, उत्तरी कोरिया के साथ वार्ता में विफलता के लिए बोलटन को ज़िम्मेदार ठहराया था। (HN)