अफ़ग़ानिस्तान, तालेबान से फिर वार्ता शुरु करने की कोशिश
अफ़ग़ान शांति प्रक्रिया के लिए अमरीका के विशेष प्रतिनिधि ज़लमई ख़लीलज़ाद ने अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी और अन्य अधिकारियों से मुलाक़ात की।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ज़लमई ख़लीलज़ाद की अफ़ग़ान अधिकारियों से मुलाक़ात को नये राजनैतिक परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने पिछले महीने तालेबान के साथ वार्ता रद्द कर दी थी।
ज्ञात रहे कि अफ़ग़ान शांति प्रक्रिया में अमरीका और तालेबान के प्रतिनिधियों के बीच अनेक मुलाक़ातों के बाद समझौते के बिन्दुओं को अंतिम रूप दिया जा चुका था किन्तु कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर से पहले अफ़ग़ानिस्तान में एक अमरीकी सैनिक के मारे जाने के बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने तालेबान से सारी वार्ताएं रद्द करने की घोषणा कर दी थी।
इस संबंध में अमरीकी प्रतिनिधि ज़लमई ख़लीलज़ाद की अफ़ग़ान राष्ट्रपति से मुलाक़ात के बाद अटकलों का क्रम आरंभ हो गया कि अमरीकी राष्ट्रपति एक बार फिर रद्द की गयी वार्ता का क्रम शुरु करने में रुचि ले रहे हैं।
दूसरी ओर ज़लमई ख़लीलज़ाद ने काबुल पहुंचने के बाद राष्ट्रपति चुनाव परिणाम की घोषणा में एक महीने के विलंब की संभावना है किन्तु यह लंबा अंतराल राजनैतिक अस्थिरता और धांधली के आरोपों को बढ़ा सकता है।
उधर अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी के प्रवक्ता सादिक़ सादेक़ी ने बताया कि ज़लमई ख़लीलज़ाद ने अफ़ग़ान राष्ट्रपति से मुलाक़ात में उनकी हालिया व्यस्तताओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया कि ज़लमई ख़लीलज़ाद ने अफ़ग़ानिस्तान में शांति के लिए अफ़ग़ान सरकार की भूमिका से संबंधित अपने दृष्टिकोणों को बयान किया है किन्तु मामले पर अफ़ग़ान राष्ट्रपति के कार्यालय की ओर से कहा गया है कि ज़लमई ख़लीलज़ाद का उद्देश्य स्पष्ट था कि अशरफ़ ग़नी को अफ़गान शांति प्रक्रिया से संबंधित अपनी गतिविधियों के बारे में अवगत किया जाए। (AK)