सीरिया में अमरीकी सैन्य उपस्थिति ग़ैर क़ानूनी हैः रूसी विदेशमंत्री
रूस के विदेशमंत्री ने कहा है कि सीरिया में अमरीका और अमरीकी गठबंधन के अंतर्गत अन्य देशों की उपस्थिति ग़ैर क़ानूनी है।
रूस के विदेशमंत्री ने जेनेवा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सीरिया में अमरीका और अमरीकी गठबंधन के अंतर्गत अन्य देशों की उपस्थिति ग़ैर क़ानूनी है और उनकी कार्यवाहिया अंतर्रााष्ट्रीय नियमों के विरुद्ध है।
श्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि सीरिया के तेल के कुओं को बचाने के बहाने, सीरिया में अमरीकी सैनिकों की तैनाती का औचित्य पेश नहीं किया जा सकता।
ज्ञात रहे कि रूस के रक्षा मंत्रालय ने कुछ दिन पहले एक सैटेलाइट इंटेलिजेंस इमेज प्रकाशित की है, जिसमें अमरीकी सैनिकों को सीरिया के तेल की तस्करी करते हुए साफ़ तौर पर देखा जा सकता है।
उत्तरी सीरिया में ग़ैर क़ानूनी रूप से मौजूद अमरीकी सैनिक तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश की हार से पहले और उसके बाद भी सीरिया से दूसरे देशों में तस्करी किए जाने वाले तेल को सुरक्षा प्रदान करते रहे हैं।
ग़ौरतलब है कि अक्तूबर के शुरू में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने उत्तरी सीरिया से अपने एक हज़ार सैनिकों को बाहर निकालने की घोषणा की थी।
इसके कुछ ही दिन बाद पेंटागन ने अपने इस फ़ैसले से पीछे हटते हुए एक बार फिर एलान किया है कि अमरीकी सैनिक उत्तरी सीरिया में स्थित तेल प्रतिष्ठानों पर तैनात रहेंगे, ताकि वहां की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। (AK)