सऊदी अरब दाइश व आतंकी गुटों का समर्थक हैः सेंडर्ज़
अमरीका के आगामी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के संभावित प्रत्याशी बर्नी सेंडर्ज़ ने सऊदी अरब की ओर से दाइश व अन्य आतंकी गुटों के समर्थन पर चिंता जताई है।
उन्होंने 11 सितम्बर की आतंकी घटनाओं से संबंधित प्रस्ताव के बारे में जिसमें सऊदी सरकार को इन हमलों के लिए दोषी बताया गया है, सीएनएन सेे बात करते हुए कहा कि हालिया बरसों में न केवल नाइन इलेवन की घटनाओं बल्कि दाइश व अन्य आतंकी गुटों के समर्थन में सऊदी अरब की भूमिका पर बात होती रही है। सेंडर्ज़ ने कहा कि निश्चित रूप से इस संबंध में कोई भी फ़ैसला करने से पहले, इस बारे में पूरी सूचनाओं की ज़रूरत है लेकिन इस बात में भी कोई संदेह नहीं है कि सऊदी अरब के शाही परिवार की ओर से वहाबियत के समर्थन के बारे में गहरी चिंताएं पाई जाती हैं क्योंकि वहाबियत ही अलक़ाएदा और दाइश की कार्यवाहियों का वैचारिक आधार है।
बर्नी सेंडर्ज़ का यह बयान एेसी स्थिति में साामने आया है जब सऊदी अरब ने ओबामा सरकार और काॅंग्रेस के सांसदों को धमकी दी है कि अगर 11 सितम्बर 2001 की घटनाओं के संबंध में कोई एेसा प्रस्ताव पारित किया गया जिसके आधार पर अमरीकी अदालतों में सऊदी सरकार को इन हमलों के लिए दोषी ठहराया गया तो वह इस देश में मौजूद अपनी खरबों डाॅलर की संपत्ति को बेच देगा। (HN)