अफ़ग़ानिस्तान में अस्थायी संघर्ष विराम के लिए तालेबान तैयार
समाचारिक सूत्रों ने बताया है तालेबान गुट के नेता अफ़ग़ानिस्तान में अस्थायी संघर्ष विराम के लिए तैयार हो गए हैं।
तालेबान गुट के निकट सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इस गुट के नेताओं ने पाकिस्तान में आयोजित होने वाली अपनी ताज़ा बैठक में अफ़ग़ानिस्तान में अस्थायी संघर्ष विराम के लिए अपनी सहमति जता दी है। इस रिपोर्ट के अनुसार अगले कुछ दिनों में संघर्ष विराम के समझौते पर अमरीका व तालेबान के बीच समझौते का समय निर्धारित हो जाएगा और दोनों पक्षों की वार्ता में अफ़ग़ानों के बीच वार्ता शुरू करने के बारे में भी विचार विमर्श किया जाएगा। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तालेबान का यह अस्थायी संघर्ष विराम सिर्फ़ अमरीकियों के साथ होगा या इसमें अफ़ग़ान सरकार भी शामिल होगी। अभी तालेबान के संघर्ष विराम के बारे में अधिक ब्योरा सामने नहीं आया है।
अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव के विशेष प्रतिनिधि ने सभी अफ़ग़ान पक्षों से राजनैतिक समाधान निकालने और स्थायी संघर्ष विराम की अपील की है। उन्होंने तालेबान से हिंसा ख़त्म करने का भी आग्रह किया है। इस बीच दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में होने वाले एक बम धमाके में कम से कम दस सुरक्षा कर्मी मारे गए हैं। शेन हुआ की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को हेलमंद प्रांत के संगीन ज़िले में एक चेक पोस्ट पर बम धमाका हुआ जिसमें दस सुरक्षा कर्मी हताहत और कई अन्य घायल हो गए। अभी तक किसी भी गुट ने इस धमाके की ज़िम्मेदारी स्वीकार नहीं की है। (HN)