कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या हुई 1800
चीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एलान किया है कि कोरोना वायरस से मरने वाली की संख्या अब 1800 हो चुकी है।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक मंगलवार को चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1800 हो गई है। चीन में कोरोना वायरस ने हाहाकार मचा रखा है। कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि होती जा रही है।
कोरोना वायरस से उत्पन्न महामारी के प्रसार को रोकने के लिए चीन के वुहान शहर में 30 हजार से ज्यादा चिकित्सा कर्मियों को और तैनात किया गया है। चीन में 58000 से अधिक लोग कोरोना से प्रभावित हैं। बहरहाल, हुबेई ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कई और नए कदमों की घोषणा की है। हुबेई के 18 शहरों में 23 जनवरी के बाद से आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इससे इन शहरों की 5 करोड़ से ज्यादा आबादी प्रभावित हुई है। अधिकारियों का कहना है कि नए कदम इसलिए उठाए गए हैं क्योंकि स्थिति अब भी ''गंभीर बनी हुई है। सोमवार को जारी आंकड़े में मरने वालों की संख्या 1770 थी, वहीं कोविड-19 से प्रभावित लोगों की संख्या 71 हजार पार कर चुकी है। चीन की आधिकारिक मीडिया के मुताबिक, कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए चीन की संसद का मार्च में शुरू होने वाला सालाना सत्र टाला जा सकता है। सरकारी अखबार चाइना डेली की खबर के अनुसार कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए एनपीसी की स्थायी समिति इस पूर्ण सत्र को टालने पर विचार करेगी। एनपीसी का सत्र टाला जाना एक अभूतपूर्व फैसला होगा। चीन की सरकार ने आठ अरब डाॅलर से अधिक राशि को कोरोना वायरस के उपचार के लिए विशेष किया है।