रूस व इस्राईल के हवाई टकराव ने नेतनयाहू को माॅस्को पहुंचाया
इस्राईल से प्रकाशित होने वाले एक समाचारपत्र ने कहा है कि सीरिया में तैनात रूसी सैनिकों ने कम से कम दो बार इस्राईल के युद्धक विमानों पर फ़ायरिंग की है।
यदीऊत अहारनूत ने शुक्रवार को रिपोर्ट दी है कि रूसी व इस्राईली युद्धक विमानों के टकराव के कारण इस्राईल के प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू ने रूस की औचिक यात्रा की। पत्र के अनुसार नेतनयाहू ने रूस के साथ इस्राईल के सैन्य समन्वय को मज़बूत बनाने के उद्देश्य से यह यात्रा की है। इस इस्राईली समाचारपत्र ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की ओर कोई संकेत नहीं किया है कि रूस के विमानों ने कब और कहां इस्राईल के लड़ाकू विमानों पर फ़ायरिंग की है।
इस बीच इस्राईल के टीवी चैनल-10 ने भी बताया है कि सीरिया के तटों के निकट रूस का एक युद्धक विमान, इस्राईल के एक लड़ाकू विमान के बहुत क़रीब आय गया था। ज़ायोनी सेना के प्रवक्ता ने इस बारे में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया जबकि इस्राईली प्रधानमंत्री के कार्यालय और फ़िलिस्तीन में रूस के दूतावास ने भी इस समाचार पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। नेतनयाहू ने अपनी माॅस्को यात्रा में कहा है कि वे रूस के साथ इस्राईल के सुरक्षा समन्वय को मज़बूत बनाने और निरर्थक टकराव व ग़लत फ़हमियों से बचने के लिए रूस आए हैं। (HN)