कोरोना के बहाने राष्ट्रपति चुनाव विलंबित न कराए जाएंः नैनसी पैलोसी
अमरीका की संसद सभापति ने इस देश में राष्ट्रपति चुनाव को विलंबित किये जाने का विरोध किया है।
अमरीकी संसद सभापति नैन्सी पैलोसी ने ट्रम्प के क्रियाकलापों की आलोचना करते हुए कहा है कि उन्होंने अमरीका को कमज़ोर करने के लिए बहुत से काम किये हैं।
पैलोसी का कहना था कि हमें ट्रम्प को इस बात की अनुमति नहीं देनी चाहिए कि वे अमरीकी लोकतंत्र को भी कमज़ोर कर दें। उन्होंने कहा देश में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव समय पर ही करवाए जाएं। अमरीकी संसद सभापति ने एमएसएनबीसी चैनेल को दिये अपने इन्टरव्यू में कहा है कि इस बात की संभावना व्यक्त की जा रही है कि अमरीका में कोरोना वायरस का दूसरा चरण आरंभ हो सकता है किंतु इस मुद्दे को राष्ट्रपति चुनाव आयोजित न कराए जाने का बहाना नहीं बनाया जा सकता। पैलोसी ने कहा कि डेमोक्रेट्स को इस बात का विश्वास हासिल करना चाहिए कि राष्ट्रपति ट्रम्प, कोरोना की आड़ में नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव को निलंबित नहीं करवाएंगे।
इससे पहले जो-बाइडन ने गुरूवार की रात अपने एक संबोधन में कहा था कि नवंबर 2020 में होने वाले चुनावों को टालने के लिए ट्रम्प पूरी कोशिश में लगे हुए हैं हालांकि इनको विलंबित नहीं होना चाहिए। बहुत से डेमोक्रेट्स का यह मानना है कि डोनाल्ड ट्रम्प, आगामी राष्ट्रपति चुनाव को या तो विलंबित करवाएं या फिर चुनाव में पराजित होने के बाद वाइट हाउस छोड़ने में आनाकानी करेंगे।