चीन ने संसार को 9 ट्रिलियन डाॅलर का नुक़सान पहुंचायाः पोम्पियो
https://parstoday.ir/hi/news/world-i87600-चीन_ने_संसार_को_9_ट्रिलियन_डाॅलर_का_नुक़सान_पहुंचायाः_पोम्पियो
चीन के विरुद्ध अमरीकी आरोपों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब पोम्पियो ने एक नया आरोप गढ़ा है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २१, २०२० ११:२० Asia/Kolkata
  • चीन ने संसार को 9 ट्रिलियन डाॅलर का नुक़सान पहुंचायाः पोम्पियो

चीन के विरुद्ध अमरीकी आरोपों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब पोम्पियो ने एक नया आरोप गढ़ा है।

अमरीकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने दावा किया है कि चीन ने विश्व को जो नुक़सान पहुंचाया है वह 9 ट्रिलियन डाॅलर के बराबर है।  अमरीकी विदेशमंत्री ने कहा कि काश वैसा ही होता जैसा कि चीन के राष्ट्रपति कहते हैं कि उनका देश पारदर्शिता, लचीलेपन और पूरी ज़िम्मेदारी के साथ काम करता है हालांकि चीन ने दुनिया की अर्थव्यवस्था को 9 ट्रिलियन डाॅलर का नुक़सान पहुंचाया है।  उन्होंने इस संबन्ध में कोई भी प्रमाण पेश न करते हुए अपनी पुरानी बात को दोहराया कि बीजिंग ने कोरोना वायरस से संबन्धित नमूने पेश करने में आनाकानी की और अपनी प्रयोगशाला तक पहुंच को असंभव बना दिया।  अमरीका ने पिछले सप्ताहों के दौरान चीन के विरुद्ध दबाव बढ़ाया है।

ज्ञात रहे कि अमरीकी सरकार विशेषकर ट्रम्प के क्रियाकलापों के आलोचकों का कहना है कि कोरोना को नियंत्रित करने में विफल रहने के कारण ट्रम्प और उनकी टीम अपनी कमियों से विश्व जनमत के ध्यान हटाने के लिए इस प्रकार के दावे कर रही है।  उल्लेखनीय है कि संसार में कोरोना से संक्रमित होकर मरने वालों की संख्या अमरीका में सबसे अधिक है।