जेलों से आज़ाद किये गए 900 तालेबान
अफ़ग़ानिस्तान के सूत्रों ने इस देश की जेलों से तालेबान के 900 बंदियों की आज़ादी की सूचना दी है।
इर्ना के अनुसार मंगलवार को अफ़ग़ानिस्तान के स्थानीय सूत्रों ने बताया है कि समाचार लिखे जाने तक 500 तालेबान, बगराम जेल से स्वतंत्र किये जा चुके थे। मंगलवार की रात में ही 400 अन्य तालेबान दूसरी जेलों से आज़ाद कर दिये जाएंगे।
तालेबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने अफ़ग़ानिस्तान की सरकार के इस क़दम का स्वागत करते हुए कहा है कि काबुल सरकार की इस कार्यवाही के बदले में हम भी बंदी सरकारी कर्मचारियों को छोड़ेंगे। इससे पहले सोमवार को भी अफ़ग़ानिस्तान की सरकार ने 100 तालेबान को आज़ाद किया था। ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति ने तालेबान की ओर से ईद के अवसर पर किये गए तीन दिन के संघर्ष विराम का स्वागत करते हुए यह फैसला किया था कि तालेबान के 2000 सदस्यों को आज़ाद किया जाएगा। तालेबान की ओर से घोषित किये गए संघर्ष विराम की अवधि आज रात समाप्त हो रही है।