भारत की अहंकारपूर्ण नीतियां उसके पड़ोसियों के लिए ख़तराः इमरान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का कहना है कि भारत की अहंकारपूर्ण विस्तारवादी नीतियां, उसके पड़ोसियों के लिए ख़तरा बन रही हैं।
संचार माध्यमों के अनुसार इमरान खान ने अपने ट्वीट में कहा है कि नाज़ी विचाधारा की तरह भारत सरकार की अहंकार से भरी विस्तारवादी नीतियां, भारत के पड़ोसियों के लिए ख़तरा बनती जा रही हैं।
इमरान खान का कहना था कि नागरिकता कानून के माध्यम से बांग्लादेश सीमा-विवाद के ज़रिये नेपाल और चीन के लिये झूठे अभियान चलाकर पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किलें पैदा की जा रही हैं। उनका कहना था कि पाकिस्तान और चीन के संबंध सदाबहार हैं। इमरान के अनुसार आपसी हितों के मुद्दों पर दोनों देशों के नेता एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। इमरान खान ने आगे कहा कि भारत ने कश्मीर पर अवैध तरीके से कब्जा किया। उन्होंने इसे युद्ध अपराध बताया।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि भारत की सरकार, न केवल देश के अल्पसंख्यकों के लिए बल्कि क्षेत्रीय शांति के लिए भी ख़तरा है। दूसरी ओर पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने भी आरोप लगाया कि अपने पड़ोसियों के प्रति भारत की आक्रामक नीतियों से क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को ख़तरा है।