अमरीका और चीन के बीच तनाव अपने चरम परः वांग यी
चीन के विदेशमंत्री ने कहा है कि वर्तमान समय में बीजिंग और वाशिंगटन के संबन्ध बहुत तनावपूर्ण हो चुके हैं।
अलमयादीन टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार वांग यी ने शुक्रवार को बताया कि इस समय अमरीका और चीन के संबन्ध बहुत ही जटिल हो चुके हैं। इसी के साथ चीन के विदेशमंत्री ने यह भी कहा कि इस तनावपूर्ण वातावरण की पूरी ज़िम्मेदारी अमरीक पर आती है।
इस समय चीन और अमरीका के रिश्ते इतने ख़राब हो चुके हैं कि दोनो देशों ने अपने यहां से एक-दूसरे के वाणिज्य दूतावास बंद करने के आदेश दे दिये हैं। बुधवार को अमरीका ने ह्यूसटन में चीन के वाणिज्य दूतावास को 72 घण्टों के भीतर बंद करने का आदेश जारी किया था जिसके बाद चीन ने चेंगदू में अमरीकी वाणिज्य दूतावास को बंद करने का हुक्म दे दिया है। चीन ने यह क़दम ह्यूस्टन में अपने वाणिज्य दूतावास को बंद करने के वॉशिंगटन के फ़ैसले का बदला लेने के लिए उठाया है।
टीकाकारों का कहना है कि इस समय चीन और अमरीका के बीच जो तनावपूर्ण स्थिति है उसके लिए पूरी तरह से अमरीका ज़िम्मेदार है। अमरीकी अधिकारी आए दिन चीन के विरुद्ध कोई न कोई बयान देते रहते हैं जिससे तनाव में वृद्धि होती जा रही है।