हांगकांग, अब तक की सबसे हाई प्रोफ़ाइल गिरफ़्तारी
हांगकांग में मीडिया क्षेत्र की प्रभावशाली हस्ती जिम्मी लाय को गिरफ़्तार कर लिया गया।
72 वर्षीय जिम्मी लाय पर विदेशी शक्तियों के साथ साठगांठ के संदेह में गिरफ़्तार किया गया है।
पिछले साल हुए प्रदर्शनों के बाद हांगकांग में चीन की ओर से लागू किए गए नए राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून के तहत यह सबसे हाई-प्रोफ़ाइल गिरफ़्तारी है।
हांगकांग पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून का उल्लंघन करने के संदेह में सात लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस ने अपने बयान में गिरफ़्तार लोगों के नाम का ब्योरा नहीं दिया।
जिम्मी लाय लोकप्रिय टेबलॉयड “एप्पल डेली” के मालिक हैं और वह हांगकांग में लोकतंत्र के समर्थन में आवाज़ उठाने वाली प्रमुख हस्तियों में हैं।
उन पर चीन की आलोचनाओं के आरोप भी लगते रहे हैं। एप्पल डेली की रिपोर्ट के अनुसार, लाय के बड़े बेटे तिमोथी, दूसरे बेटे इयान और समूह के वरिष्ठ प्रबंधन के तमाम सदस्यों को भी गिरफ़्तार किया गया है।
पुलिस ने लाय और उनके बेटे दोनों के घर के साथ-साथ मीडिया समूह ‘नेक्स डिजिटल’ के अन्य सदस्यों के घरों की भी तलाशी ली।
पिछले साल हुए विरोध प्रदर्शन के लिए लाय पर पहले से ही प्रदर्शन के लिए अवैध तरीके से भीड़ जुटाने सहित कई अन्य आरोप हैं.
ज्ञात रहे कि हांगकांग में राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून 30 जून को लागू हुआ था।
इस विवादित क़ानून के ख़िलाफ़ हांगकांग में लगातार विरोध प्रदर्शन होते आ रहे हैं।
विरोधियों का कहना है कि इस क़ानून का उद्देश्य पूर्व में ब्रिटेन के उपनिवेश रहे हांगकांग पर चीन के नियंत्रण को और मज़बूत करना है।
उल्लेखनीय है कि हांगकांग ब्रिटिश उपनिवेश रहा है और 1997 में इसे ‘एक देश दो सरकार’ सिद्धांत के तहत चीन को सौंप दिया गया था।
हांगकांग का शासन 1200 सदस्यों की चुनाव समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा चलाया जाता है। (AK)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!