अमरीका को हस्तक्षेप की जगह क़ानून का सम्मान करना चाहिएः चीन
चीन के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने हांगकांग के बारे में चीन की नीतियों का बचाव करते हुए अमरीका से मांग की है कि वह चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करे।
वांग विनबीन ने सोमवार को संवादाताओं से बात करते हुए पश्चिम की ओर से लगाए जाने वाले कुछ आरोपों का जवाब दिया जिनमें से एक आरोप, हांगकांग के 47 नागरिकों की गिरफ़्तारी के संबन्ध में था जिनपर व्यवस्था को गिराने का आरोप था। उन्होंने कहा कि अमरीका को चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप से बचना चाहिए। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बीजिंग हांगकांग के सुरक्षाबलों का पूरी तरह से समर्थन करते हुए अमरीका से मांग करता है कि वह वास्तविकता को स्वीकार करते हुए क़ानून का सम्मान करे और हर प्रकार के हस्तक्षेप से बचे।
अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने रविवार को चीन की ओर से आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के मुद्दे की अनदेखी करते हुए उन 47 लोगों की आज़ादी की मांग की थी जिनपर सरकार गिराने के षडयंत्र में शामिल होने का आरोप है। अमरीका और उसके पश्चिमी घटक विभिन्न बहानों से हांगकांग के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करते रहते हैं जबकि बीजिंग, हांगकांग को अपना आंतरिक मामला मानता है। उसका कहना है कि वह किसी भी देश को अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं देगा।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए