इमरान ख़ान सरकार ने संसद में विश्वास मत जीत लिया
https://parstoday.ir/hi/news/world-i95914-इमरान_ख़ान_सरकार_ने_संसद_में_विश्वास_मत_जीत_लिया
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शनिवार को नेशनल असेंबली में विश्वास मत हासिल कर लिया है, जिसके बाद पिछले एक हफ़्ते से जारी राजनीतिक संकट समाप्त हो गया है और ख़ान की कमज़ोर सरकार को कुछ बल मिला है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०६, २०२१ १२:०४ Asia/Kolkata
  • इमरान ख़ान सरकार ने संसद में विश्वास मत जीत लिया

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शनिवार को नेशनल असेंबली में विश्वास मत हासिल कर लिया है, जिसके बाद पिछले एक हफ़्ते से जारी राजनीतिक संकट समाप्त हो गया है और ख़ान की कमज़ोर सरकार को कुछ बल मिला है।

पाकिस्तान के संसद सभापति असद क़ैसर ने बताया कि नेशनल असेंबली के 342 सदस्यों में से 178 ने ख़ान की सरकार में विश्वास जताया है।  

पाकिस्तान की सेना का समर्थन प्राप्त उनकी सरकार बुधवार को उस वक़्त संकट में आ गई थी जब वित्त मंत्री अब्दुल हफ़ीज़ शेख़ सीनेट चुनाव हार गए थे।

विश्वास मत जीतने के बाद, पाकिस्तान में अस्थायी रूप से स्थिरता आ सकती है, क्योंकि कोरोना महामारी से प्रभावित इस देश की अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के 6 बिलियन डॉलर के क़र्ज़ के बाद कुछ उबर रही है। पाकिस्तान में स्थिरता इस क्षेत्र के लिए एक अच्छी ख़बर है, जो पहले से से ही म्यांमार में सैन्य तख़्तापलट का सामना कर रहा है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी के मुक़ाबले में अपने वित्त मंत्री शेख़ की हार के बाद ख़ान ने देश को संबोधित करते हुए कहा था कि मैं शनिवार को विश्वास मत कराने की मांग कर रहा हूं। मैं नेशनल एसेंबली जाऊंगा और कहूंगा कि आप तय कीजिए। यह एक ओपन वोट होगा और मैं सभी सदस्यों से कहूंगा कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें और आप कह सकते हैं कि आप इमरान ख़ान के साथ नहीं हैं। मैं इस बात की इज्ज़त करूंगा। और अगर आप जीत गए तो मैं विपक्ष में बैठूंगा।

उन्होंने अपनी पार्टी तहरीके इंसाफ़ के कुछ सांसदों पर विपक्ष के हाथों बिकने का आरोप लगाया था और कहा था कि उनके कुछ सांसदों रिश्वत ने लेकर पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी को वोट दिया है, जिसकी वजह से उनके वित्त मंत्री अब्दुल हफ़ीज़ शेख़ को हार का सामना करना पड़ा।

हालिया कुछ महीनों के दौरान पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों ने सरकार और इमरान ख़ान पर हमले तेज़ कर दिए हैं और विपक्षी नेता लगातार सरकार गिराने की मांग कर रहे हैं। msm