अमरीकी नीतियों ने क्षेत्र को अशांत बना दिया हैः रूस
रूस के विदेशमंत्री ने अमरीकी नीतियों को क्षेत्रीय संकट का मुख्य कारण बताया है।
सरगेई लावरोफ ने बुधवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेशमंत्री शाह महमूद क़ुरैशी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पश्चिमी एशिया के संबन्ध में वाशिग्टन की नीतियों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अमरीकी नीतियां क्षेत्र में अराजकता फैलाने पर आधारित हैं जिनका माॅस्को खुलकर विरोध करता है।
रूस के विदेशमंत्री ने आगे कहा कि अमरीका ने मतभेद फैलाने वाली नीति अपनाई है जो क्षेत्र को अस्थिर कर रही है। सरगेई लावरोफ ने शाह महमूद क़ुरैशी के साथ सीरिया, यमन, फ़िलिस्तीन और लीबिया के परिवर्तनों के बारे में वार्ता करने के बाद कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में एक स्वतंत्र फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के गठन को भुलाया नहीं जाना चाहिए।
सरगेई लावरोफ ने अफ़ग़ानिस्तान में बढ़ती हिंसक कार्यवाहियों के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रूस और पाकिस्तान इस बात पर सहमत हुए हैं कि अफ़ग़ानिस्तान में जारी युद्ध को समाप्त कराने के उद्देश्य से वे कूटनीतिक वार्ता को जारी रखेंगे।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए