अमरीका को तालेबान की कड़ी चेतावनी, अबसे सुधर जाओ वर्ना .....
तालेबान ने अमरीका को चेतावनी देते हुए कहा है कि समझौते का उल्लंघन करने का नतीजा तुमको ही भुगतना होगा।
तालेबान ने गुरूवार को एक बयान जारी किया है। तालेबान के बयान में कहा गया है कि सितंबर 2021 तक अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की वापसी, दोहा समझौते का उल्लंघन है। तालेबान ने कहा है कि इस प्रकार अमरीका ने दिये गए वचन को तोड़ा है। तालेबान के इस बयान के अनुसार क्योंकि अमरीका ने समझौते का उल्लंघन किया है इसलिए इसपर तालेबान को प्रतिक्रिया देने का पूरा अधिकार है। तालेबान का कहना है कि समझौते का उल्लंघन करने के बाद अब अमरीका हर बात का ज़िम्मेदार होगा।
अपने बयान में तालेबान ने अमरीका सहित उन देशों से मांग की है जिनके सैनिक अफ़ग़ानिस्तान में मौजूद हैं कि अपने सैनिकों को दोहा समझौते के आधार पर यहां से निकालें और अब अफ़ग़ानिस्तान में बने रहने के लिए कोई बहानेबाज़ी न करें।
याद रहे कि फरवरी 2020 में क़तर की राजधानी दोहा में तालेबान और अमरीका के बीच होने वाले समझौते के आधार पर अमरीका को अपने सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान से मई 2021 तक निकाल लेना था लेकिन अमरीका, विभिन्न बहानों से अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिकों को वापस नहीं निकाल रहा है। अब अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि वे अमरीकी सैनिकों को सितंबर तक निकालेंगे।
उनल्लेखनीय है कि अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष के नाम पर अमरीका और उसके घटकों ने सन 2001 में इस देश पर हमला किया था। उस हमले के बाद से अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवाद से संघर्ष तो दूर की बात वहां पर आतंकवादी गतिविधियों में बहुत वृद्धि हुई जिसके कारण हज़ारों निर्दोष लोगों की जान चली गई। इसके अतिरिक्त अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति के दौरान मादक पदार्थों के उत्पादन और उनकी तस्करी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।